खबर लहरिया खेती टीकमगढ़ : लगभग 12 किसानों के खेतो में लगी शॉर्ट सर्किट से आग

टीकमगढ़ : लगभग 12 किसानों के खेतो में लगी शॉर्ट सर्किट से आग

टीकमगढ़ जिले में शॉर्ट सर्किट होने से किसानों की फसल बर्बाद होने की खबर सामने आई है। घटना 1 अप्रैल की दोपहर के लगभग 12 बजे की है। किसान कृपाराम तिवारी ने बताया कि उनकी 1 एकड़ की फसल जलकर राख हो गयी। वह कहते हैं कि उनके साथ-साथ कम से कम 5 से 6 किसानों की फसलें आग में जली है।

जिसमें राजेश यादव, सियाराम तिवारी, कमलेश यादव, बाबूलाल अहिरवार आदि लोगों का सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ है। इन लोगों की 5 से 6 एकड़ फ़सलें जल गई हैं। बाबूलाल अहिरवार कहते हैं कि उनकी 2 एकड़ की फसल जल गयी है। किसानी से उनका भरन-पोषण होता था। चार महीने किसानी में ही लगे रहते थे। चार महीनों की पूरी मेहनत पर पानी फिर गया।

in tikamgarh Short circuit fire in the fields of about 12 farmers

वह कहते हैं कि अब वह क्या खाएंगे, क्या करेंगे। उनके पास तो सिर्फ खेती ही थी। इसलिए उनकी सरकार से मांग है कि उन्हें मुआवजा दिया जाए। जब इस मामले में खबर लहरिया ने टीकमगढ़ के तहसीलदार आरपी चौधरी से बात की तो उनके अनुसार उन्हें घटना की जानकारी दोपहर के 1 बजे लगी थी। सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि घटना लाइट न होने के कारण हुई है।वह कहते हैं की जिन 10 किसानों की फसलें जली हैं। उन सभी को आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए पटवारी को पंचनामा बनाने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। जो भी शासन की तरफ से निर्देश आएंगे। उसी हिसाब से किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।